

मेडिकल चेकअप के लिए जिला अस्पताल आया कैदी पुलिस को चकमा देकर हुआ फरार
दो घण्टे बाद ही पुलिस ने हॉस्पिटल के पास से किया गिरफ्तार
बलिया. शुक्रवार की दोपहर मेडिकल चेकअप कराने जिला अस्पताल आया दिव्यांग कैदी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया. इसको लेकर जेल प्रशासन व पुलिस महकमे में अफरा—तफरी मच गई. सूचना मिलते ही मौके पर एसपी एस.
आनंद, सीओ सिटी एस एन वैभव पांडेय, शहर कोतवाल राजीव सिंह मय फोर्स कैदी की तलाश में जुट गए. करीब दो घण्टे बाद ही पुलिस ने जिला अस्पताल के पास से ही गिरफ्तार कर लिया.
बता दें कि सिकंदरपुर निवासी कैदी परवेज एक मामले में जिला कारागार में बंद था, शुक्रवार की दोपहर करीब एक बजे पुलिस वाले कैदी परवेज को चेकअप कराने के लिए जिला अस्पताल लेकर आए, जहाँ पुलिस की आंखों में धूल झोंककर कैदी फरार हो गया, लेकिन किसी को पता तक नहीं चला जबकि परवेज एक पैर से विकलांग था, बावजूद पुलिस को जिस तरह चकमा देकर फरार हो गया. इसके बाद पुलिस के हाथ पांव फूलने लगे. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए कैदी को हिरासत में ले लिया. इस बाबत सीओ सिटी एसएन वैभव पांडेय ने बताया कि कैदी को मेडिकल चेकअप के लिए लाया गया था, जहाँ कागजी कार्रवाई हो ही रही थी, तभी वह कही चला गया जिसे अस्पताल से पकड़ लिया गया है.
