जीवन दायिनी घाघरा घटाव पर, मुक्ति दायिनी गंगा बढ़ाव पर

सिंचाई विभाग बाढ़ नियंत्रण कक्ष से प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार जिले में घाघरा नदी का जलस्तर डीएसपी हेड और मांझी पर घटाव पर है, जबकि चांदपुर में स्थिर है. गंगा नदी का जलस्तर गायघाट पर 56.57 मी है, जो बढ़ाव पर है. खतरा बिंदु से नीचे है. घाघरा नदी का जलस्तर डीएसपी हेड पर 64.380 मी, चांदपुर में 59.10 मी तथा मांझी में 55.10 मी है. टोंस नदी का जलस्तर पिपरा घाट पर 57.20 है, जो बढ़ाव पर है.

दलित उत्पीड़न के विरोध में भाकपा ने दिया धरना

शुक्रवार को भाकपा ने देश में हो रहे दलितों के उत्पीड़न के विरोध में कलेक्ट्रेट में धरना दिया तथा राष्ट्रपति को सम्बोधित पत्रक जिलाधिकारी को सौंपते हुए दलितों की विशेष सुरक्षा व्यवस्था करने की मांग की.

हिंयुवा ने की एसओ बांसडीह को निलम्बित करने की मांग

शुक्रवार को हिन्दू युवा वाहिनी के प्रतिनिधि मंडल ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए थानाध्यक्ष बांसडीह को निलम्बित करने की मांग की. हियुवा के जिला संयोजक अजय सिंह ने कहा कि बांसडीह थाना कोतवाली क्षेत्र में एक बालिका का अपहरण अन्य सम्प्रदाय के एक युवक द्वारा किया गया था.

पांचवे दिन भी धरने पर बैठे होमगार्ड्स

शुक्रवार को पांचवे दिन भी होमगार्ड्स जवान धरनारत रहे. उन्होंने एक स्वर में मांग किया कि उ0प्र0 सरकार सर्वोच्च न्यायालय के आदेशों का पालन करें. साथ ही उत्तर प्रदेश के समस्त होमगार्ड्स जवानों को सेवा अवधि पूरा करने के बाद बीस लाख रुपये दिया जाय.

पुलिस परेड ग्राउन्ड में लगाये 400 पौधे

आसरा (आशा की किरन) के स्वयंसेवकों ने बलिया पुलिस के साथ मिलकर पुलिस परेड ग्राउण्ड मे 400 पौधे लगाये. इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार झा तथा सीओ सदर केसी सिंह भी मौजूद रहे. पुलिस अधीक्षक श्री झा ने आसरा के युवाओं के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि युवा समाज के मूल स्तम्भ हैं.

खराब ट्रांसफार्मरों को 72 घण्टे में बदलने के निर्देश

जिलाधिकारी राकेश कुमार ने विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंताओं को खराब ट्रांसफार्मरों को 72 घण्टे में बदलने का निर्देश दिया है. शहर में सड़कों के चैड़ीकरण के लिए प्रमुख सड़कों पर से विद्युत खम्भों को हटवाने को कहा है.

साल के अंत तक बलिया स्टेशन पर दो स्वचालित सीढ़ियां

रेलमंत्री सुरेश प्रभु ने सांसद भरत सिंह को आश्वस्त किया है कि बलिया रेलवे स्टेशन के लिए 24 डिब्बे का वाशिंग पिट स्वीकृत हो गया है. महीने भर में इसका टेंडर हो जाएगा. बलिया स्टेशन पर दो स्वचालित सीढ़ियां इस वर्ष के अंत तक लग जाएंगी. साथ ही बलिया रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक के विस्तारीकरण का काम चल रहा है.

गढ़िया में चोरों ने दुकान पर हाथ साफ किया

गढ़िया गांव में गुरुवार की रात चोरों ने एक दुकान का ताला तोड़ कर हजारों रुपये के सामान पर हाथ साफ़ किया. चोरी की हुई टूटी आलमारी व कुछ साड़ियां रेलवे लाइन के पार एक खेत में मिलीं. दुकानदार ने इसकी सूचना पुलिस को दे दी है.

आजम खां के बयान पर रोष जताया

मथुरा महाविद्यालय के गेट के सामने शुक्रवार को आक्रोशित छात्र नेताओं ने कैबिनेट मंत्री आजम खां का पुतला फुंक कर विरोध जताया. इसके पूर्व छात्रनेताओं को छात्र भवन में संबोधित कर रहे राजवीर सिंह ने कहा कि मंत्री आजम खां ने उटपटांग बयान देकर महिलाओं के मान सम्मान को ठेस पहुंचाया है. महिला उत्पीडन पर गलत बयान देने के लिये सार्वजनिक रूप से उन्हें माफ़ी मांगनी चाहिए.

‘केक’ काट कर मनाई गई ‘पंडित’ छोटे लोहिया की जयंती

छोटे लोहिया के नाम से विख्यात जनेश्वर मिश्र की 84वीं जयंती पर बलिया में विविध कार्यक्रम शुक्रवार को आयोजित किए गए. विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री नारद राय के निर्देश पर उनके सुपुत्र नवीन राय गोलू की अगुवाई में समाजवादी पार्टी के नगर विधानसभा क्षेत्र के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने चंद्रशेखर नगर स्थित कैंप कार्यालय पर जनेश्वर मिश्र की 84वीं जयंती धूमधाम से मनाई.

चलती ताप्ती गंगा ट्रेन से कूद गए तीन बच्चे

बलिया-शाहगंज रेल मार्ग पर जिगनी खास गांव के सामने शुक्रवार की शाम को तीन बच्चों ने डाउन ताप्ती गंगा एक्सप्रेस से कूद गए. बताया जाता है कि जिगनी गांव निवासी श्याम (8), राहुल (10) व गोविंद (12) सुबह पढ़ने के लिए निकले थे. ये तीनों घुमने के लिए ट्रेन से रसड़ा तक चले गए.

किशोरी के गर्भवती होने का मामला पहुंचा एसपी दरबार

नरही थाना क्षेत्र के गांव का सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है. पुलिस अधीक्षक के दरबार में शुक्रवार को पहुंची शिकायत में 14 वर्षीय किशोरी के पिता ने अपनी बेटी के साथ पिछले 6 माह से हो रहे दुष्कर्म का मामला प्रकाश में लाया है.

बच्चे के किडनैपर को पुलिस ने धर दबोचा

बैरिया थाना क्षेत्र के ग्राम उपाध्यायपुर से अपहृत छह वर्षीय बालक कृष्ण प्रकाश पुत्र रामप्रवेश को बैरिया पुलिस तथा एसओजी टीम ने सही सलामत ढूंढ निकाला है. साथ ही किडनैपर सिकंदरपुर के ग्राम बरवा चरवा निवासी अनिल गुप्ता पुत्र हुबलाल गुप्ता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.

बलात्कार की कोशिश में रंगे हाथ पकड़े गए

फेफना थाना क्षेत्र में एक विवाहिता के साथ बलात्कार करने के प्रयास में रंगे हाथ दो आरोपियों को पुलिस ने धर दबोचा. थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भादवि की धारा 354/376/511 के अंतर्गत मुकदमा पंजीकृत कर जेल भेज दिया.

गोसाईंपुर में भूमि विवाद में जमकर चले लाठी-डंडे

गोसाईपुर गांव में भूमि विवाद में गुरुवार को दो पक्षों में जमकर मारपीट हो गई. दोनों तरफ से जमकर लाठी-डंडे व ईट-पत्थर चले. जिसमें एक दर्जन लोग घायल हो गए. आधा दर्जन लोगों की स्थिति गंभीर बनी हुई है. उनका इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है.