

Please LIKE and FOLLOW बलिया LIVE on FACEBOOK page https://www.facebook.com/BalliaLIVE
आशीष दूबे, बलिया
बलिया. आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल और दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया समेत कथित शराब घोटाले के सभी आरोपियो को डिस्चार्ज किए जाने के कोर्ट के फैसले के बाद आम आदमी पार्टी बलिया जोश में है. पार्टी के जिला प्रवक्ता सर्वेश मिश्रा ने फैसले को सत्य और न्याय की विजय बताया है।
पार्टी के प्रवक्ता सर्वेश मिश्रा ने रविवार को बलिया में आयोजित प्रेस वार्ता में कहा कि इस निर्णय ने यह सिद्ध कर दिया है कि आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया पर लगाए गए आरोप राजनीतिक षड्यंत्र के तहत गढ़े गए थे। न्यायालय ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि यह मुकदमा बनता ही नहीं है और जिन लोगों पर मामला दर्ज किया गया, उनके खिलाफ कोई ठोस साक्ष्य प्रस्तुत नहीं किया गया।
This Post is Sponsored By Memsaab & Zindagi LIVE
सर्वेश मिश्रा ने कहा कि अदालत ने यह भी टिप्पणी की है कि जिन अधिकारियों ने इस प्रकार का मुकदमा दर्ज किया, उनकी विभागीय जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यह टिप्पणी अपने आप में बताती है कि किस तरह संवैधानिक पदों पर बैठे नेताओं को बदनाम करने के लिए सत्ता का दुरुपयोग किया गया। भाजपा ने आम आदमी पार्टी की छवि धूमिल करने के लिए लाख प्रयास किए, लेकिन न्यायपालिका ने यह दिखा दिया कि सच और संविधान की ताकत किसी भी साजिश से बड़ी होती है।
उन्होंने कहा कि अगर इसी तरह की राजनीति देश में चलती रही तो जो भी व्यक्ति सत्ता के खिलाफ आवाज उठाएगा, वह सलाखों के पीछे होगा। यह लोकतंत्र नहीं बल्कि तानाशाही की ओर बढ़ता देश होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार आलोचना को अपराध मानती है। जो भाजपा की नीतियों का विरोध करता है, उसे जेल भेज दिया जाता है। उत्तर प्रदेश में बेरोजगारी की बात करने वाले युवाओं पर लाठियां बरसाई जाती हैं, 69000 शिक्षक भर्ती में आरक्षण घोटाले का मुद्दा उठाने वालों को जेल में डाल दिया जाता है।
सर्वेश मिश्रा ने कहा कि आम आदमी पार्टी स्कूल और अस्पताल की राजनीति करती है, जो सीधे जनता के जीवन से जुड़ी है। यही वजह है कि भाजपा आम आदमी पार्टी और उसके नेताओं से घबराई हुई है। अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया और संजय सिंह जैसे नेताओं की लोकप्रियता भाजपा को असहज करती है, इसलिए झूठे मुकदमों के जरिए उन्हें बदनाम करने की साजिश रची जाती है।
पूर्वांचल की धरती का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि दिल्ली की राजनीति में पूर्वांचल की भूमिका ऐतिहासिक रही है। पूर्वांचल के लोगों ने दिल्ली को अपने श्रम और परिश्रम से बनाया है। गाजीपुर, बलिया, मऊ और बनारस सहित तमाम जिलों के लोग दिल्ली में विधायक बनकर जनता की सेवा कर रहे हैं। आम आदमी पार्टी ने ही पूर्वांचल के लोगों को राजनीतिक सम्मान और भागीदारी दी है।
उन्होंने बलिया जिले के प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज का उदाहरण देते हुए कहा कि वर्ष 2022 में घोषणा के बाद जमीन अधिग्रहण में ही चार वर्ष लग गए। 21वीं सदी के एआई युग में यदि किसी मेडिकल कॉलेज की जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया में चार साल लग जाएं, तो उसके निर्माण और संचालन में कितने वर्ष लगेंगे, इसकी कल्पना करना भी कठिन है। उन्होंने भाजपा सरकार की विकास गति को बैलगाड़ी की गति करार देते हुए कहा कि जनता को बुलेट ट्रेन जैसी रफ्तार चाहिए, न कि घोषणाओं और शिलान्यासों का ढकोसला।
सर्वेश मिश्रा ने देश के युवाओं से आह्वान किया कि वे अपने अधिकारों के लिए आगे आएं। उन्होंने कहा कि जिस तरह युवाओं की नौकरियां छीनी जा रही हैं और उनके हक मारे जा रहे हैं, उसके खिलाफ अब निर्णायक संघर्ष का समय आ गया है। उन्होंने कहा कि वक्त आ गया है कि आम आदमी पार्टी और अरविंद केजरीवाल की स्कूल और अस्पताल की बेदाग राजनीति को पूरे देश में स्थापित करना होगा। जंतर मंतर से लेकर बलिया तक, पंजाब से लेकर उत्तर प्रदेश, गोवा और गुजरात तक, आम आदमी पार्टी मजबूती से अपने कदम बढ़ाएगी और जनता के मुद्दों पर संघर्ष जारी रखेगी।
अंत में आप प्रवक्ता सर्वेश मिश्रा ने कहा कि यह लड़ाई केवल आम आदमी पार्टी की नहीं, बल्कि देश के लोकतंत्र, संविधान और युवाओं के भविष्य की लड़ाई है। जनता अब सब देख रही है और आने वाले समय में वह इसका जवाब भी देगी। पार्टी प्रवक्ता के साथ डॉक्टर प्रदीप कुमार जिला अध्यक्ष, अंजनी कुमार तिवारी जिला महासचिव ,अशोक कुमार यादव ,राजकुमार जायसवाल, पंकज खरवार ,संत प्रकाश सिंह, विपिन तिवारी, रामदास यादव, रणवीर , अशोक कुमार गुप्ता तथा तमाम पार्टी कार्यकर्ता व पदाधिकारी उपस्थित थे।
Breaking News और बलिया की तमाम खबरों के लिए आप सीधे हमारी वेबसाइट विजिट कर सकते हैं.
Website: https://ballialive.in/
Facebook: https://www.facebook.com/BalliaLIVE
X (Twitter): https://twitter.com/ballialive_
Instagram: https://www.instagram.com/ballialive/
Threads: https://www.threads.net/@ballialive
अब बलिया की ब्रेकिंग न्यूज और बाकी सभी अपडेट के लिए बलिया लाइव का Whatsapp चैनल FOLLOW/JOIN करें – नीचे दिये गये लिंक को आप टैप/क्लिक कर सकते हैं.
https://whatsapp.com/channel/0029VaADFuSGZNCt0RJ9VN2v
आप QR कोड स्कैन करके भी बलिया लाइव का Whatsapp चैनल FOLLOW/JOIN कर सकते हैं.

