रिंग बंधे के निरीक्षण में सब कुछ मिला ‘ओके’

बलिया। मण्डलायुक्त एसवीएस रंगाराव ने शनिवार को दुबेछपरा रिंग बंधे पर हुए कार्य का निरीक्षण किया. उन्होंने बाढ़ विभाग के अधिकारियों से जरूरी पूछताछ करने के बाद कार्य की गुणवत्ता को परखा. उनके साथ गए अन्य विभाग के इंजीनियरों से गुणवत्ता की स्थलीय जांच कराई. कुल मिलाकर रिंग बंधे के निर्माण कार्य से कमिश्नर सन्तुष्ट नजर आए. उन्होंने केहरपुर गांव को बचाने वाली परियोजना को स्वीकृत कराने के साथ जल्द काम शुरू कराने का भी आश्वासन दिया. ग्रामीणों से बातचीत में यह भी भरोसा दिलाया कि अगर बड़ी परियोजना स्वीकृत होने में देर सबेर होती है तो उसका भी विकल्प रखा जाएगा. उन्होंने बाढ़ विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि पानी बढ़ जाने की दशा में एक आकस्मिक प्रोजेक्ट बनाकर भी तैयार रखेंगे.

कमिश्नर ने यह भी कहा कि बंधे के आसपास अन्य जरूरी कटानरोधी कार्य भी समय से पहले कर लिए जाएं. सबसे पहले कमिश्नर ने ग्रामीणों से बंधे के निर्माण कार्य सम्बन्धी जानकारी लेकर कार्य की गुणवत्ता परखी. पूछा कि इंजीनियरों के कार्य सम्बन्धी कोई शिकायत तो नहीं ? जिलाधिकारी भवानी सिंह खंगारौत, सीडीओ बद्रीनाथ सिंह, विधायक सुरेन्द्र सिंह समेत अन्य अधिकारी साथ थे.

This Post is Sponsored By Memsaab & Zindagi LIVE