बलिया में सम्बद्ध 29 शिक्षकों को बीईओ ने किया रिलीव

शासन द्वारा परिषदीय स्कूलों में शिक्षकों की अस्थायी सम्बद्धता को समाप्त करने सम्बंधित शासनादेश के क्रम में बीएसए डॉ. राकेश सिंह द्वारा जारी आदेश के अनुपालन में सोमवार को खण्ड शिक्षा अधिकारी सुनील कुमार पटेल ने 29 शिक्षकों को रिलीव कर दिया. खण्ड शिक्षा अधिकारी सुनील कुमार ने बताया कि अस्थायी तौर पर सम्बद्ध अध्यापक तत्काल मूल विद्यालय पर पदभार ग्रहण कर लें. सोमवार को उन्होंने सोहांव शिक्षा क्षेत्र में 15, दुबहर व बेलहरी शिक्षा क्षेत्र में क्रमश: 07-07 शिक्षकों की सम्बद्धता समाप्त करते हुए रिलीव कर दिया.

छात्रों की माने तो बलिया में है जंगल राज

छात्र संघर्ष समिति के आह्वान पर नगर के विभिन्न कालेजों के छात्रों ने सोमवार को जिला प्रशासन का पुतला फूंका. बताते चले कि 16 जून को डीआरडीए कार्यालय में कार्यरत सहायक अभियंता उमेश गुप्त के साथ अधीनस्थ कर्मचारियों द्वारा की गई मारपीट के विरोध में छात्र सड़क पर उतरे. इसके पूर्व छात्र संघर्ष समिति के बैनर तले प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से दोषी कर्मचारियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की थी. छात्र नेताओं का कहना है कि अधिकारी की पिटाई के बाद भी कर्मचारियों के खिलाफ कोई कार्रवाई न होना इस बात को साबित करता है कि बलिया में कानून नाम की कोई चीज नहीं रह गई है.

परिषदीय स्कूलों में खूब बंटा फल

मध्याह्न भोजन योजना के मेन्‍यू में हुए परिवर्तन के तहत सोमवार को पहली बार जनपद के समस्त परिषदीय स्कूल के बच्चों ने मौसमी फल का स्वाद लिया. शासन के निर्देश पर परिषदीय बच्चों को पूर्ण आहार उपलब्ध कराने के दृष्टिकोण से मध्याह्न भोजन योजना के मेन्‍यू में फेरबदल किया गया है. योजना को मूर्त रूप देने के लिए जनपद स्तरीय दर्जनों टीमें गठित की गयी थी. यह टीम सुबह 08 बजे से अपराह्न एक बजे तक स्कूलों का भ्रमण कर धरातलीय हकीकत से रूबरू होती रही. इसी क्रम में एक पंथ-दो काज की तर्ज पर बीएसए डॉ . राकेश सिंह ने आधा दर्जन से अधिक स्कूलों का निरीक्षण भी कर डाला, जिसमें एक दर्जन से अधिक शिक्षक गैरहाजिर मिले.

अब तिवारी गांव में महिलाओं ने शराब के खिलाफ हल्ला बोला

पिछले एक महीने में बांसडीह रोड थाना क्षेत्र का तिवारी गांव जिले में चौथा ऐसा गांव है जहां की महिलाओं ने पूरे लाव लश्कर के साथ शराब के खिलाफ टूट पड़ी हैं. बीते 14 जून को फरसाटार गांव, 11 जून को सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के लिलकर गांव, 6 जून को सुखपुरा थाना क्षेत्र के बसंतपुर गांव में महिलाओं ने बवाल काटा था. सोमवार को बांसडीह रोड थाना क्षेत्र के तिवारी गांव में प्रधान चम्पा देवी की अगुवाई में महिलाओं ने शराब के अड्डे पर पहुंच कर जमकर बवाल काटा. इस दौरान भारी तादाद में उमड़ी महिलाओं ने न सिर्फ शराब के अड्डे को आग के हवाले कर दिया, बल्कि एक पलानी को भी आग लगा दी. लाठी डंडे के बल पर चारदीवारी को धराशायी कर दिया. इसके बाद भी गुब्बार ठंडा नहीं हुआ तो पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की.

राजकीय निर्माण निगम नहीं चाहता की पूरा हो कालेज का काम! 

शहीद मंगल पांडेय राजकीय महिला महाविद्यालय नगवा का निर्माणाधीन भवन तत्काल कम्पलीट करके लोकार्पित किया जाए. इसी उद्देश्य से सोमवार को मंगल पांडेय विचार मंच के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन अपर जिलाधिकारी बच्चालाल को सौंपा. ज्ञापन में कहा गया है कि कार्यदाई संस्था राजकीय निर्माण निगम जानबूझकर भवन निर्माण में विलंब कर रही है. विभाग कोई न कोई बहाना बना कर इस मामले को टालता जा रहा है, जबकि महिला महाविद्यालय की छात्राएं शहीद मंगल पांडेय स्मारक के एक कमरे में एक दशक से पढ़ने को मजबूर हैं.

घट रही हैं बलिया में महिलाएं!

2017 में विधानसभा चुनाव के मद्देनजर भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जिला प्रशासन प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के मतदाता सूची को दुरुस्त करने में युद्धस्तर पर जुटा हुआ है. निर्वाचन से जुड़े अधिकारियों की सबसे बड़ी चिंता एपिक और जेंडर लिंगानुपात में भारी अंतर को लेकर है. एपिक संवाद 7 फ़ीसदी ही होना चाहिए, जबकि यह अंतर बलिया में बहुत ज्यादा है. कहीं-कहीं तो यह अनुपात 80 से 90 फीसदी तक भी है. उसी तरह लिंगानुपात में भारी अंतर देखने को मिल रहा है. एक हजार पुरुष पर महिला मतदाताओं की संख्या कम से कम 930 होनी चाहिए, जबकि वर्तमान में यह संख्या 810 या इससे भी कम है.

संध्या पांडेय समेत 15 के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज

शनिवार को एडीएम कोर्ट में आक्रोश प्रदर्शन के दौरान कथित तोड़फोड़ के मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. इस मामले में भाजपा महिला मोर्चा की पूर्व नगर महामंत्री संध्या पांडेय समेत लगभग पंद्रह महिलाओं को आरोपी बनाया गया है. पुलिस ने धारा 143, 332, 353 तथा 3/4 लोकसंपति क्षति निवारण के तहत मुकदमा दर्ज किया है.

महिला सशक्तिकरण के लिए समर्पित रहे डॉ. श्रीराम चौधरी

समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष संग्राम सिंह यादव ने शिक्षाविद् एवं मुरली मनोहर टाउन स्नातकोत्तर महाविद्यालय के अर्थशास्त्र विभागाध्यक्ष डॉ. श्रीराम चौधरी की प्रथम पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उन्हें सरल, मृदुभाषी विद्वान, समाज चिंतक तथा महिला शिक्षा को बढ़ावा देने वाला पुरोधा बताया. उन्होंने कहा कि हमें संकल्प लेना होगा कि हम बेटे-बेटियों में कोई भेद नहीं करेंगे. उन्होंने बालिकाओं के विकास के लिए अखिलेश सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों की भी चर्चा की.

जीप बाइक टक्कर में दो युवक घायल

सहतवार थाना क्षेत्र के बघाव गांव के पास रविवार को जीप एवं बाइक में जोरदार टक्कर हो गई. इस हादसे में बाइक सवार बांसडीह रोड थाना क्षेत्र के चौकन गांव निवासी मनोज राजभर (22) व विजय राजभर (23) गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों को प्राथमिक इलाज के बाद जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया.

विक्रमादित्य का ड्रीम प्रोजेक्ट होने का अभिशाप

देश के पहले स्वतंत्रता सेनानी या फिर पहले शहीद मंगल पांडेय के पैतृक गांव नगवा में उनके नाम पर एक महिला महाविद्यालय बीते दस साल से बस बन ही रहा है. कब तक बन जाएगा? इस सवाल का जवाब किसी के पास नहीं है. 8 अप्रैल 2005 को अमर शहीद के बलिदान दिवस के मौके पर तत्कालीन मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव ने इस महाविद्यालय को बनाने की घोषणा की थी. लगे हाथ उन्होंने इसके लिए धन भी मुक्त करवा दिया. तत्कालीन मुख्यमंत्री ने कला, विज्ञान व वाणिज्य की स्नातक शिक्षा के मान्यता भी प्रदान करवा दी.

बेकाबू बाइक ने ली दो की जान

बांसडीह रोड थाना क्षेत्र में सहतवार की ओर बाइक से जा रहे दो लड़के रविवार को अनियंत्रित होकर हादसे के शिकार हो गए. जीन बाबा के स्थान के पास हुए इस हादसे में रोहुंआ निवासी रजनीश दूबे (18) और पुरास के मठिया निवासी रविशंकर गोस्वामी गंभीर रूप से जख्मी हो गए. आसपास के लोगों ने उन्हें तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया. हालांकि डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

महिलाओं के उग्र प्रदर्शन से प्रशासन की बोलती बंद

शनिवार की दोपहर कोतवाली क्षेत्र के लगभग पचास महिलाएं पांच सूत्री मांगों का ज्ञापन देने एडीएम बच्चा लाल मौर्या के कोर्ट पहुंचीं. महिलाओं की अगवाई भाजपा महिला मोर्चा की पूर्व नगर महामंत्री संध्या पांडेय कर रही थीं. इसके बाद ये महिलाएं उग्र प्रदर्शन करने लगी. उनका आरोप था कि एडीएम ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया और धक्का मारा. महिलाओं में आक्रोश इस कदर था कि न्यायिक कार्य बाधित होने लगा. उन्होंने कुर्सी मेज इधर उधर उठाकर फेंका भी. कोर्ट में हंगामा किया और तोड़फोड़ की.

जांच में बंद मिले चार स्कूल, 44 शिक्षक गैरहाजिर

ग्रीष्मावकाश के बाद शनिवार को परिषदीय स्कूलों का ताला खुलते ही अध्यापकों के साथ-साथ छात्र-छात्राओं की उपस्थिति व गुणवत्तायुक्त शिक्षा व्यवस्था जांचने निकली टीमों ने काफी सघनता से पड़ताल की. कुल 217 स्कूलों के निरीक्षण में जहां 44 शिक्षक अनुपस्थित मिले, वहीं चार स्कूलों पर ताला लटका हुआ मिला. बगैर सूचना अनुपस्थिति मिले इन शिक्षकों का एक दिन का वेतन काटने का निर्देश बीएसए डॉ. राकेश सिंह ने दिया है.

रंग लाया कांग्रेसी विनोद सिंह का अनशन

जिला प्रशासन व बिजली विभाग के अधिकारियों की उदासीनता चरम पर है. इसी के विरोध में दिघार में 33/11 केवी विद्युत उपकेन्द्र की स्थापना के लिए कांग्रेस नेता विनोद सिंह द्वारा किया जा रहा बेमियादी अनशन दूसरे दिन उग्र रूप धारण कर लिया. विभागीय अधिकारियों के अनशन स्थल पर न पहुंचने से आक्रोशित सैकड़ों ग्रामीणों ने शनिवार ग्यारह बजे दिघार पावर हाउस से सप्लाई बन्द कराने के बाद उसके गेट पर तालाबंदी कर दी.

पहले बाइकर ने धक्का मारा, दूसरे ने रौंद दिया

बलिया नगर क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग 31 पर शीशमहल सिनेमा हाल के पास नवमी शर्मा (60) की बाइक की टक्कर से मौत हो गई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सहतवार थाना क्षेत्र के बिसौली गांव निवासी नवमी शर्मा तिवारी आरा मशीन पर ही रह कर काम करते थे. शनिवार को सुबह वह अपने आरा मशीन के सामने से गुजर रहे थे कि एक बाइक सवार ने जोरदार टक्कर मार दी. इस हादसे में वह हाईवे पर ही गिर पड़े. तेज रफ्तार से आ रही दूसरी बाइक नवमी शर्मा को कुचलते हुए आगे निकल गई.

छात्रों ने नगर पालिका कार्यालय घेरा

शहर की खस्ताहाल सड़कों के चलते लोगों में चिता व्याप्त है, कारण, बारिश की शुरुआत हो चुकी है. शहरियों का कहना है कि जिस प्रकार से नगर पालिका क्षेत्र की सड़कें एवं नालियां टूटी हुई हैं, उससे नारकीय स्थिति में जीने को मजबूर होना पड़ सकता है. नगर पालिका अध्यक्ष का कार्यालय जिस सड़क पर स्थित है, उसकी स्थिति बदतर है. नया चौक से चंद्रगुप्त मंदिर को जाने वाली सड़क अतिक्रमण से ग्रसित तो है ही, पैदल चलने के लायक भी नहीं है.

राष्ट्रीय लोक अदालत 9 को

राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन दीवानी न्यायालय प्रांगण में 9 जुलाई को प्रातः 10:00 बजे से होगा. सिविल जज मृदुल दुबे ने बताया कि इसमें विशेष तौर पर विद्युत, जल, दूरभाष, जनोपयोगी सेवाओं से संबंधित एवं दीवानी फौजदारी उत्तराधिकार मोटर दुर्घटना आदि से संबंधित मामलों की सुनवाई होगी.

शिक्षा अधिकारियों ने दिखाई मुस्तैदी

ग्रीष्मावकाश के बाद 2 जुलाई को पहले दिन विद्यालय खुलने पर बेसिक शिक्षा महकमे के आला अफसरों ने प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया. जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने इसकी तैयारी पहले से ही कर ली थी. उन्होंने समस्त खंड शिक्षा अधिकारियों के निरीक्षण करने के लिए शिक्षा क्षेत्रों को बदल दिया था. शनिवार को समस्त खंड शिक्षा अधिकारी समन्वयक अपने-अपने चिन्हित क्षेत्रों में प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों का निरीक्षण किया.

Narad Rai

मंत्री नारद राय के प्रथम आगमन पर होगा भव्य स्वागत

नारद राय को दूसरी बार कैबिनेट मंत्री बनाए जाने के बाद शनिवार को जिला मुख्यालय पर प्रथम आगमन को लेकर स्वागत की जोरदार तैयारी चल रही है. नगर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने बैठक कर भव्य स्वागत करने का निर्णय लिया है. बलिया में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री बनने के बाद नारद राय पहली बार 2 जुलाई को बलिया आ रहे हैं. यह बातें चंद्रशेखर नगर स्थित शिविर कार्यालय पर आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए सदर विधानसभा क्षेत्र के पार्टी अध्यक्ष भीम यादव ने कही. उन्होंने बताया कि वे सड़क मार्ग से शाम 3:00 बजे उजियार भरौली पहुंचेंगे.

मामूली विवाद में गई रिटायर्ड दरोगा की जान

महेंद गांव में बकरी चराने के विवाद में दो पक्षों में तकरार हुई. उसी बीच एक पक्ष के हमले में दूसरे पक्ष के रिटायर्ड दारोगा मैनुद्दीन खां (60) की मौके पर ही मौत हो गई. जबकि उनके तीन बेटे जियाउद्दीन (35), जुबैर (30) तथा दानिश (25) जख्मी हो गए. वाकया शुक्रवार की शाम करीब साढ़े तीन बजे का है. घटना की जानकारी के बाद एसपी ग्रामीण अनिल कुमार सहित सीओ प्रभात कुमार भी मौके के लिए रवाना हो गए. गांव में तनाव की स्थिति है. यह भी इत्तेफाक ही रहा कि दारोगा मैनुद्दीन खां घटना से कुछ ही देर पहले बलिया से रिटायर्ड होकर गांव पहुंचे थे.