

Please LIKE and FOLLOW बलिया LIVE on FACEBOOK page https://www.facebook.com/BalliaLIVE
आशीष दूबे, बलिया
बलिया. “पूजा, होली गांव पर ही मनाएंगे… इस बार जमकर रंग खेलेंगे… छुट्टी ले चुका हूं, कार से निकल चुका हूं… जल्द घर पहुंच जाऊंगा। हर्ष और श्रेयांशी कैसे हैं? मां-पिता जी ठीक हैं ना?” ये राजकुमार के वो आखिरी शब्द थे, जो उन्होंने अपनी पत्नी पूजा से फोन पर कहे थे। उन्हें क्या पता था कि यह बातचीत उनकी ज़िंदगी की अंतिम बातचीत बन जाएगी…। होली की खुशियां लेकर घर लौटने निकले राजकुमार गांव तो पहुंचे, लेकिन जिंदा नहीं… तिरंगे में लिपटकर।
छत्तीसगढ़ के बस्तर में हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने बलिया के धनौती गांव की होली को मातम में बदल दिया। इस हादसे में सीआरपीएफ के तीन जवानों समेत चार लोगों की जान चली गई।
This Post is Sponsored By Memsaab & Zindagi LIVE
बलिया के धनौती निवासी सीआरपीएफ जवान राजकुमार का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव पहुंचा। शव पहुंचते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों में कोहराम मच गया। शहीद राजकुमार की पत्नी पार्थिव शरीर देखते ही बेसुध हो गईं।

परिवार के सदस्यों के करुण क्रंदन से वहां मौजूद सभी लोगों की आंखें नम हो गईं। तीन माह का उनका बेटा और चार वर्षीय बेटी भी लोगों को रोता देख बिलखने लगे।शव के साथ पहुंचे जवानों, स्थानीय पुलिस और जनप्रतिनिधियों ने पुष्पचक्र अर्पित किया। वहीं सीआरपीएफ जवानों ने शहीद राजकुमार को सलामी दी। इस दौरान “भारत माता की जय” तथा “जब तक सूरज चांद रहेगा, राजकुमार तुम्हारा नाम रहेगा” जैसे गगनभेदी नारे लगाए गए।
बता दें कि होली का त्योहार मनाने के लिए छुट्टी लेकर जगदलपुर से रायपुर लौटते समय एक दर्दनाक सड़क हादसे में बस्तर में तैनात तीन सीआरपीएफ जवानों और कार चालक समेत चार लोगों की मौत हो गई। इस हादसे में 28 वर्षीय जवान अभिमान राय घायल हो गए, जिन्हें धमतरी जिला अस्पताल से रायपुर रेफर किया गया है।
मृतकों में एसआई उमेद सिंह, हेड कांस्टेबल मुकेश कुमार, कांस्टेबल राजकुमार गौड़ और चालक हीरालाल नागर शामिल हैं। तीनों जवान 201 कोबरा बटालियन से थे। इनमें राजकुमार बलिया के धनौती गांव के निवासी थे। हादसा इतना भयावह था कि दृश्य देखकर रोंगटे खड़े हो जाएं। चालक का शरीर बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया और वह स्टेयरिंग में फंस गया था। शवों को बाहर निकालने में करीब 45 मिनट का समय लगा।
पुलिस अधिकारियों ने हादसे की मुख्य वजह चालक की थकान, नींद और तेज रफ्तार बताई है। जानकारी के अनुसार, चालक रातभर गाड़ी चला रहा था। उसे कांकेर के पास झपकी आई थी, जिसके बाद मकड़ी में उसे चाय-बिस्किट दिए गए थे।
यह दुर्घटना सुबह करीब 8 बजे एनएच-30 पर अर्जुनी थाना क्षेत्र के खपरी बाइपास के पास हुई। सड़क किनारे खड़े ट्रक से उनकी कार टकरा गई। कार की हालत देखकर प्रतीत होता है कि उसकी गति करीब 90 से 100 किमी/घंटा रही होगी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि कार की छत पूरी तरह उखड़ गई। एयरबैग फट गए और कार के पुर्जे खिलौनों की तरह इधर-उधर बिखर गए।हेलीकॉप्टर से भेजा गया एक जवान का शव
पुलिस के अनुसार, सड़क दुर्घटना में मृत तीनों जवानों का पोस्टमार्टम रायपुर के मेकाहारा अस्पताल में किया गया। इसके बाद देर शाम हेड कांस्टेबल मुकेश कुमार के पार्थिव शरीर को हेलीकॉप्टर से उनके निवास स्थान रांची (झारखंड) भेजा गया। वहीं एसआई उमेद सिंह के शव को झुंझुनूं (राजस्थान) और कांस्टेबल राजकुमार गौड़ के शव को बलिया (उत्तर प्रदेश) सड़क मार्ग से रवाना किया गया।
Breaking News और बलिया की तमाम खबरों के लिए आप सीधे हमारी वेबसाइट विजिट कर सकते हैं.
Website: https://ballialive.in/
Facebook: https://www.facebook.com/BalliaLIVE
X (Twitter): https://twitter.com/ballialive_
Instagram: https://www.instagram.com/ballialive/
Threads: https://www.threads.net/@ballialive
अब बलिया की ब्रेकिंग न्यूज और बाकी सभी अपडेट के लिए बलिया लाइव का Whatsapp चैनल FOLLOW/JOIN करें – नीचे दिये गये लिंक को आप टैप/क्लिक कर सकते हैं.
https://whatsapp.com/channel/0029VaADFuSGZNCt0RJ9VN2v
आप QR कोड स्कैन करके भी बलिया लाइव का Whatsapp चैनल FOLLOW/JOIN कर सकते हैं.

